जम्मू। राज्य में लगातार बढ़ रहे टोल प्लाजा का व्यापारी वर्ग ने विरोध किया है। उनका कहना है कि टोल प्लाजा की संख्या बढ़ने से महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। इसका आम लोगों की जेब पर असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरोर टोल प्लाजा सहित अन्य टोल प्लाजा को वापस नहीं लिया गया तो व्यापारी वर्ग सड़क पर उतरेगा।
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट जम्मू की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान रतन लाल महाजन और महासचिव दीपक गुप्ता ने कहा कि नए टोल प्लाजा का फेडरेशन विरोध करती है। जम्मू की जनता राष्ट्रवादी रही है। अनुच्छेद 370 को हटाने का जम्मूवासियों ने पूरा समर्थन किया था, लेकिन नए टोल प्लाजा को शुरू करने का लोड जम्मू की जनता पर पड़ेगा। अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार को सभी टोल प्लाजा हटाकर जम्मू को दिवाली का तोहफा देना चाहिए। जम्मू में पहले से ही बन टोल प्लाजा चल रहा था, अब सरोर टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया है और लखनपुर में भी एक अन्य को खोलना प्रस्तावित है। यह दुर्भाग्यपूर्ण और जम्मू के साथ अन्याय है। राज्य के लोग पहले ही नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी भरकम राशि दे रहे हैं। सरोर टोल प्लाजा पर जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। बन टोल प्लाजा पर भी टोल कीमत में संशोधन की मांग को नजरअंदाज किया जाता रहा है। जम्मू-कश्मीर में पहले ही लखनपुर में अतिरिक्त टैक्स वसूला जा रहा है।
उपप्रधान मनीष महाजन ने कहा कि हाईवे पर तीन तीन टोल प्लाजा से यात्रियों के प्रभावित होने के साथ अर्थ व्यवस्था पर असर पड़ेगा। जम्मू-कश्मीर में मौजूदा परिदृश्य से पहले ही पर्यटन उद्योग ठंडा पड़ा हुआ है। हर साल वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा में लाखों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने सरोर टोल प्लाजा को शीघ्र बंद करने की मांग की। इस मौके पर कोषाध्यक्ष विशाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
--------
खाद्य पदार्थों में 5-10 फीसदी बढ़ोतरी होगी
जम्मू। जम्मू-पठानकोट में नए टोल प्लाजा शुरू होने से दूसरे राज्यों से राज्य में पहुंच रहे खाद्य पदार्थों की कीमतों में 5-10 फीसदी की बढ़ोतरी हो जाएगी। व्यापारियों के अनुसार टोल प्लाजा शुरू होने से ट्रांसपोर्ट चार्ज बढ़ गया है। जिससे हर ट्रक पर टोल लगने के कारण उसमें आ रहे खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी हो जाएगी। ब्यूरो