सांबा। जिले के सीमावर्ती तहसील राजपुरा में कई दिन से बिजली की आंख मिचौनी से गुस्साए लोगों ने रविवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि दिन में एक घंटा भी बिजली की आपूर्ति सही नहीं की जा रही है। बिजली आ जा रही है, जिससे उनके बिजली के उपकरण खराब हो रहे हैं। उन का कहना था कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों को क ई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाए जाने पर आज मजबूर होकर प्रदर्शन किया है। विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली की आपूर्ति को सुचारु नहीं बनाया गया तो वह सड़क पर उतर आएंगे। लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी के चलते लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में वह घरों में गर्मी के चलते कैसे रह सकेंगे।