विरोध प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र के ग्रामीण व उकत स्थान के बारे में जानकारी देते जहां पुल का निर्म
आरएस पुरा। अरनिया सेक्टर के सीमावर्ती गांव करयाल खुर्द के ग्रामीणों ने वर्षों से गांव को जोड़ने वाले अहम पुल का निर्माण नहीं होने पर शासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ शुक्रवार को नारेबाजी की।
गांव के कुलदीप राज ने कहा कि वर्ष 2014 में सांसद द्वारा गांव को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कराए जाने का वादा किया गया। बाद में बीडीसी और डीडीसी के चुनावों के समय भी वादा किया गया, पर पुल का निर्माण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों को आने जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों में शामिल राजेश कुमार का कहना है कि ग्रामीणों को अब मजबूरी में विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है, ताकि उनकी आवाज सरकार तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यही नहीं पंडोरिया सड़क मार्ग की हालत जर्जर बनी होने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले दिनों में पुल के निर्माण का कार्य आरंभ नहीं किया गया, तो क्षेत्र के ग्रामीण अपना आंदोलन तेज करेंगे, जिसके लिए प्रशासन व जनप्रतिनिधि जिम्मेदार होंगे। इस दौरान काफी बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण भी मौजूद थे।