आरएस पुरा। उपजिले में बिजली की लगातार हो रही अघोषित कटौती को लेकर कस्बे के दुकानदारों ने बिजली विभाग के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द अघोषित कटौती बंद नहीं की तो आने वाले दिनों में जम्मू-आरएस पुरा मार्ग अवरुद्ध करके आंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा कर रहे थे, जबकि इस मौके पर काफी दुकानदार शामिल रहे। एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा ने कहा कि कस्बे तथा आसपास के गांवों में लगातार हो रही बिजली की अघोषित कटौती के कारण लोगों का जीना मुहाल है। गर्मी में लोगों को बिजली की सख्त जरूरत होती है, लेकिन सरकार तथा बिजली विभाग की गलत नीतियों के कारण लोगों को बिजली नसीब नहीं हो पा रही है। पूरी-पूरी रात बिजली की हो रही कटौती के कारण लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं, और बिजली ठप होने के कारण दुकानदारों का कारोबार भी ठप होकर रह गया है। किसानों की फसल भी सूख रही है, न ही धान लगाए जाने के लिए रोपाई हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं कि लोगों को बिजली समस्या से राहत दिलाई जाएगी, लेकिन जब गर्मी शुरू होती है तो लोगों को बिजली के लंबे-लंबे कटों का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों ने कहा कि अगर दो दिन के भीतर अघोषित कटौती बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन के उपप्रधान सुदेश कुमार गोगी, अश्विनी चौधरी, शक्ति गुप्ता, नीरज कुमार, शिशु चौधरी, प्रवीण गुप्ता, राजू शर्मा तथा लवली शर्मा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
--------
दुकानदारों ने ग्रिड स्टेशन का घेराव किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। क्षेत्र में की जा रही अघोषित कटौती को लेकर मीरां साहिब कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को दुकानदारों व क्षेत्र के ग्रामीणों ने ग्रिड स्टेशन का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। कई घंटों तक मीरां साहिब के ग्रिड स्टेशन में घेराव करने पर प्रदेश शासन व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बाजार कमेेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी, चेयरमैन मनोहर लाल सराफ, पवन शर्मा आदि ने कहा कि दिन रात मात्र चार-पांच घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो रही है, जिससे यहां दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। यही नहीं बीमार, बुजुर्ग व बच्चों को गर्मी के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के एक्सईएन को अवगत कराने पर सिवाय आश्वासनों के कुछ नहीं किया जा रहा, जिसके चलते उन्हें विरोध-प्रदर्शन कर अपनी बात सरकार के समक्ष पहुंचानी पड़ रही है।
इस दौरान जगदीश राज राकेश कुमार, पूर्व नायब सरपंच अशोक शर्मा सहित कई दुकानदार मौजूद थे।
----
मरालिया पंचायत के ग्रामीणों ने भी जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। मरालिया पंचायत के पूर्व सरपंच किशोर कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती को लेकर नारेबाजी करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। किशोर कुमार ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते आज महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि बिजली की अघोषित कटौती के चलते लोगों का जीना मुहाल बना होने पर हर वर्ग के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दीपक शर्मा, सेवानिवृत्त सुबेदार बाबा राम आदि का कहना है कि अगर सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति नहीं की गई तो आने वाले दिनों में मीरां साहिब में मरालिया पंचायत सहित अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित ग्रामीण आरएस पुरा-जम्मू मार्ग बंद कर विरोध-प्रदर्शन करेंगे, जिसके लिए सरकार व बिजली विभाग जिम्मेदार होगा।
इस दौरान मलिकपुर पंचयात के सरपंच रमेश कुमार, दवेंद्र कुमार, पाल चौधरी, सुनील डोगरा सहित क्षेत्र के कई ग्रामीण मौजूद रहे।