आरएस पुरा। पंचायत व्यासपुर के जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए अनदेखी को लेकर किसान नेता चौधरी मोहन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण विकास विभाग व केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।
चौधरी मोहन सिंह ने कहा कि अगर जल्द से जल्द पंचायत के जरूरतमंद परिवारों को इस योजना का लाभ नहीं मिला तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज किया जाएगा। चौधरी ने कहा जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिस कारण कई परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। पंचों ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा उन लोगों के नाम सूची में डाल दिए गए, जिनके मकान पक्के हैं, और जिन जरूरतमंदों को लाभ मिलना चाहिए था, उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचों व सरपंचों की सुनवाई नहीं हो रही है। दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जा रहे, पर सच्चाई इससे परे है। भाजपा के नेताओं के कहने पर ग्रामीण विकास कार्य कर रहा, जिसके चलते जरूरतमंदों की अनदेखी की जा रही है। आगामी दिनों में पल्ली में प्रधानमंत्री पंचायत राज को लेकर सभा करने वाले हैं। इन दिनों सरकार की मशीनरी सभा के लिए तैयारी करने के साथ पल्ली गांव की काया पलट रहीं, पर सच्चाई यह है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रहीं।