आरएस पुरा। भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रधान गार सिंह के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्र में बिजली व नहरी पानी न पहुंचने पर एसडीएम कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा सदस्यों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो वह आने वाले दिनों में आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
गार सिंह ने कहा कि अघोषित कटौती के कारण किसान धान की फसल नहीं लगा पा रहे हैं। आरएस पुरा प्रधान हरभजन सिंह पम्मी ने कहा कि बिजली विभाग की तरफ से लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति न होने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के उच्चधिकारियों को अवगत कराने पर सिवाय आश्वासनों के कुछ नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों द्वारा धान की रोपाई की जा रही, लेकिन किसानों को न तो नहरी पानी की आपूर्ति हो रही और न ही बिजली की। प्रदर्शन में सरपंच चौ. सुरजीत सिंह, पूर्व सरपंच सर्वण सिंह, चौ. चूड सिंह आदि शामिल रहे।