संचारू रुप बिजली की आपूर्ति न होने पर ग्रामिणों का प्रदशन
आरएस पुरा। गांव स्लैड़ न्यू प्लाट के ग्रामीणों ने शनिवार को बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, जिसके कारण गांव में लोवोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव की आबादी में बढ़ोतरी हो रही है और कनेक्शन बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन यहां रखे ट्रांसफार्मर की क्षमता को नहीं बढ़ाया गया। इसके चलते ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ती जा रही है। लोड पड़ने पर बिजली ठप हो रही है। सरपंच प्रताप सिंह की अगुवाई में गांव के चौक पर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। सरपंच ने कहा कि गांव में ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है जो काफी पहले लगाया गया था। अब गांव की आबादी काफी बढ़ चुकी है और ऐसे में ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने पर सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि कम क्षमता के ट्रांसफार्मर के कारण ग्रामीण वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। विरोध जता रहे ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में बिजली की तारें भी काफी पुरानी व जर्जर हो चुकी हैं। जगह- जगह तार लटक रहे हैं। बिजली पोल पर तारों का जाल बना हुआ है। तार टूटने से कई बार गांव में हादसे भी हो चुके हैं। बिजली समस्या से परेशान ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव वासियों ने चेतावनी दी कि अगर अब भी उनकी समस्या पर ध्यान न दिया गया तो वो एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।