ज्यौड़ियां में आंधी में एमसी कार्यालय के सामने गिरे पेड़ नही हटाए जाने से लोगों में रोष
ज्यौड़ियां।क्षेत्र में रविवार को आई आंधी और बारिश में कई पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। इससे क्षेत्र के गांवों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मंगलवार को तीन दिन बाद भी इन खंभों और पेड़ों को नहीं हटाया गया है। बिजली विभाग क्षेत्र के गांवों में काफी मुश्किल से बिजली बहाल करा पाया है। अभी भी बिजली कभी आ रही है और कभी बंद हो रही है।
ऐसे में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में लोगों को तो परेशानी रही है। जानकारी के मुताबिक आंधी के बाद 48 घंटे के बाद भी ज्यौड़ियां म्यूनिसिपल कमेटी के पांच-छह घरों में बिजली सुचारु नहीं करा पाया है।
म्यूनिसिपल कमेटी कार्यालय के सामने गिारे पेड़ की वजह से कार्यालय के अंदर जाना मुश्किल हो रहा है। क्योंकि कार्यालय के बाहर पेड़ गिरा हुआ है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि अगर किसी दुकान के बाहर कोई सामान पड़ा हो तो कमेटी के कर्मचारी उसको उठा ले जाएंगे या चालान कर देंगे, लेकिन उनके कार्यालय के बाहर तीन दिन से पेड़ गिरा है, उसको उठाया नहीं जा रहा है। लोगों ने बताया कि गिरे पेड़ों के कारण कमेटी के कार्यालय के भीतर जाने के लिए भी उन्हें बाधा आ रही है।
------
पेड़ उठाने के लिए कहने कमेटी के कार्यालय में गए, लेकिन वहां न ही चेयरमैन दिखे और न ही ईओ। ईओ ज्यौड़ियां की पोस्ट कई माह से खाली है। हम अपनी समस्या किस को बताएं, कोई सुनने वाला नहीं है।
-अमृत भूषण बाबा भारती, प्रधान, पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी, छंब-ज्यौड़ियां