सुंदरबनी। मांगों को लेकर काम छोड़ हड़ताल पर बैठे पीएचई के अस्थायी कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल 15 वें दिन भी जारी रही। इससे लोगों को महाशिवरात्रि पर भी पानी का आपूर्ति नहीं मिल सकी। हालांकि पीएचई के स्थायी कर्मचारियों ने महाशिवरात्रि पर पानी की सप्लाई करने के लिए भरपूर कोशिश की, लेकिन नगर के चार पांच वार्डों में ही पानी की सप्लाई हो पाई। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सप्लाई ठप ही रही। 15 दिन से पीएचई के अस्थायी कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल के कारण पानी की किल्लत को लेकर लोगों का रोष दिन प्रति दिन विभाग के खिलाफ बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर विभाग के पास पानी चलाने के लिए स्थायी कर्मचारी नहीं हैं तो जो अस्थायी कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं उनकी मांगों पर सरकार क्यों नहीं गौर कर रही है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द पानी की सप्लाई बहाल नहीं होती है, तो लोगों को भी अब सड़कों पर उतरना पडे़गा। संवाद