नौशेरा। ब्लॉक की पंचायत राजल-ए के गांव डलया के लोगों ने टाई पुल राजल से वाया पीर बाबा तक जाने वाले मार्ग को न बनाए जाने पर रोष जताया है। गांव की महिला मनजीत कौर, जसबीर कौर, कमलेश कौर ने बताया हमें बच्चों को स्कूल भेजने में कई प्रकार की दिक्कतें हो रही हैं। चुनाव के दिनों में नेता वादे करते हैं, वोट लेने के बाद गायब हो जाते हैं।
पंच राजेंद्र सिंह, अमनदीप, हरभजन सिंह, सुरेंद्र सिंह, आया सिंह, सेवा सिंह, मोहन सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि ने कहा कि काफी समय से सड़क बनाए जाने की मांग की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को डलया गांव के लोगों का शिष्टमंडल एडीसी के कार्यालय में सरपंच पंचायत राजल के नेतृत्व में मिला, जिसमें मांग की कि इस सड़क में वन विभाग व चमन लाल की तरफ से रुकावटें डाली जा रही हैं। प्रशासन के आश्वासन दिए जाने के बाद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह तक सड़क बनाने का काम शुरू न कराया गया तो परिवार सहित सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।