अखनूर में 11वीं कक्षा के विद्यार्थी रैली निकालकर रोष जताते हुए।
अखनूर। 11वीं कक्षा में फेल होने वाले छात्रों ने बुधवार को हायर सेकेंडरी स्कूल से रोष रैली निकाली। रैली जे एंड के शिक्षा बोर्ड और प्रधानाचार्य के खिलाफ निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
बुधवार को हायर सेकेंडरी स्कूल से 11 वीं कक्षा में फेल हुए छात्रों ने रोष रैली निकाली जो कस्बे के विभिन्न बाजारों से होती हुई बस अड्डा में आकर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। नारेबाजी करके मांग की कि इतनी ज्यादा संख्या में छात्रों के फेल होने पर आशंका है, ऐसे में सरकार को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच की जाए। छात्रों का कहना है कि कम अंक लेने वाले छात्रों को पास किया गया, जबकि अधिक अंक लेने वाले छात्र फेल कर दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने जांच के आश्वासन पर धरना खत्म कराया। संवाद
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
ज्यौड़ियां। शिक्षा बोर्ड की शाखा खौड़ के समकक्ष बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न सरकारी स्कूलों के 11 वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में असफल रहे विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना था कि सरकारी स्कूलों के बजाय निजी स्कूलों के परिणाम अच्छे आए हैं। क्योंकि शिक्षा बोर्ड की तरफ से हम जैसे सरकारी स्कूलों में शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य खराब करने की कोशिश की गई है। विद्यार्थियों ने बताया कि हमारी परीक्षा इतनी भी खराब नहीं रही कि हम लोग फ़ेल हो जाते। विद्यार्थियों का कहना था कि हमें भी पास किया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते हमारी ऑनलाइन पढ़ाई हुई थी, जिससे भी हम लोग पढ़ाई नहीं कर पाए, जिस पर शिक्षा बोर्ड ने हमें रियायत देते हुए पास करना चाहिए था, लेकिन हमें फ़ेल कर दिया गया। संवाद