आखिरकार दो साल के बाद राज्य परिवहन निगम की बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक तय हो गई है। इसमें निगम की बेहतरी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय होंगे।
निगम के लिए राज्य सरकार के खाते से पैसा लेकर नए वाहन लाना तय है। खाली पदों के लिए नियुक्ति संबंधी सहमति बनना भी तय माना जा रहा है।
परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में एसआरटीसी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा।
हर तीन महीने के बाद होने वाली यह बैठक पिछले दो साल से नहीं हुई। इसकी वजह से निगम की कई योजनाएं लटकी हुई थीं।
परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली ने अमर उजाला से बातचीत में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बोर्ड आफ डायरेक्टर में ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोग शामिल किए गए हैं, ताकि वे लोग अपनी राय दे सकें।
बैठक में एसआरटीसी के लिए 30 से चालीस नई बसें और दो दर्जन ट्रक भी खरीदने को मंजूरी मिल सकती है। एसआरटीसी में चतुर्थ श्रेणी कर्मी, सहायक मैनेजरों और अन्य पदों पर भर्तियां होने को लेकर सहमति बनने के आसार हैं।
कर्मचारियों की लंबित मांगों पर भी बातचीत होगी। नए वाहनों को खरीदने के लिए एसआरटीसी राज्य सरकार से पैसा लेगी। पिछले दो साल से एसआरटीसी के खाते में एक भी नया वाहन नहीं आया।
इसकी वजह से राजस्व में भी काफी फर्क पड़ रहा है। बोर्ड बैठक में एसआरटीसी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए एक व्यापक नीति भी बनाई जाएगी।