जम्मू। राज्यपाल के चौथे सलाहकार बशीर अहमद खान के नियुक्त होने के बाद मंगलवार को उप राज्यपाल ने अपने चारों सलाहकारों के बीच नए सिरे से विभागों का बंटवारा किया है। चौथे सलाहकार को केके शर्मा से ऊर्जा विकास, पर्यटन व संस्कृति तथा फारूक खान से फ्लोरीकल्चर विभाग लेकर दिया है।
केके शर्मा- राजस्व, योजना, विकास व निगरानी, उद्योग व वाणिज्य, स्कूल, उच्च व तकनीकी शिक्षा, कृषि उत्पादन व बागवानी।
फारूक खान-खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले, समाज कल्याण, जनजातीय मामले, श्रम व सेवायोजन, युवा सेवाएं व खेल, एआरआई व ट्रेनिंग, सहकारिता, चुनाव तथा हज व औकाफ।
राजीव राय भटनागर-स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, पीएचई व सिंचाई, परिवहन, पशुपालन। इसके साथ ही वे उप राज्यपाल को गृह विभाग, पुलिस से जुड़े मामले, टेरर मानीटरिंग ग्रुप, सुरक्षा बलों की तैनाती, खुफिया कार्य, कानून-व्यवस्था की स्थिति की तैयारी, सीमा पार के दुष्प्रचार की रोकथाम, जेल, एफएसएल, अभियोजन, नारकोटिक कंट्रोल व पाक्सो मामले पर सलाह देंगे।
बशीर अहमद खान-ऊर्जा विकास, ग्रामीण विकास व पंचायती राज, आपदा प्रबंधन, राहत व पुनर्वास, पर्यटन व फ्लोरीकल्चर।
मुख्य सचिव जीएडी की फाइलें उप राज्यपाल तक पहुंचाएंगे
सामान्य प्रशासन विभाग, गृह विभाग तथा एंटी करप्शन ब्यूरो के कागजात संबंधित प्रशासनिक सचिव मुख्य सचिव के माध्यम से उप राज्यपाल तक पहुंचाएंगे। आईएएस, आईपीएस तथा आईपीएस से जुड़े मामले भी मुख्य सचिव उप राज्यपाल तक पहुंचाएंगे। आवास व शहरी विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान व तकनीकी, कानून-न्याय व संसदीय कार्य मामले, एस्टेट, वन व सूचना विभाग से जुड़ी फाइलें मुख्य सचिव पेश करेंगे। वित्त विभाग, प्रोटोकाल व नागरिक उड्डयन विभाग से जुड़ी फाइलें वित्त विभाग के वित्तीय आयुक्त रखेंगे।