कालीचनी का मामला..16 लाख रुपये के आभूषण बरामद
-मोबाइल बंद कर पंजाब और यूपी में छिपते रहे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में कालीचनी की हनुमान गली में सुनार की दुकान से सोना गायब करने वाले कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी दुकान पर कारीगरी करने वाले दो युवक निकले। दोनों दुकान मालिक को बिना बताए अचानक गायब हो गए थे। पक्का डंगा पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 111 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई है।
पक्का डंगा पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल और राज कुमार दोनों निवासी जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दुकान मालिक की लिखित शिकायत पर आठ अगस्त को पक्का डंगा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। जांच में पता चला की दुकान से सोना गायब है। दोनों कारिगरों पर शक गया तो उनके मोबाइल नंबर बंद मिले। पुलिस टीमों ने उनकी तलाश में पंजाब और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की, पर सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों तमिलनाडु में छिपे हैं।
पक्का डंगा पुलिस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस यूनिट (ईएसयू), नॉर्थ जोन की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों का पता लगाया। टीम तमिलनाडु पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सोने के आभूषण बरामद किए गए।
तकनीकी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
डीएसपी जम्मू उत्तर विक्रम बाहू ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में तकनीकी और मानवीय सूचना अहम रही। चोरी योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। मामले में कुछ और लोगों की भूमिका की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।