- पांच जिलों के डीसी और नौ जिलों के एसएसपी बदले
- जोगेंद्र सिंह को एसएसपी जम्मू की कमान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जम्मू-कश्मीर के पुलिस और प्रशासन में भारी फेरबदल किया गया है। कई आईएएस, जेकेएएस, आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। इनमें पांच जिलों में बांदीपोरा, पुंछ, राजोरी, सांबा और किश्तवाड़ में जिला उपायुक्तों (डीसी) को बदल दिया गया है। इसके साथ नौ जिलों में बारामुला, उधमपुर, पुंछ, डोडा, शोपियां, कठुआ, रामबन, जम्मू और गांदरबल के एसएसपी बदले गए हैं। जोगेंद्र सिंह को एसएसपी जम्मू की कमान दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा की ओर से जारी एक आदेश में आईएएस विकास कुंडल को जिला उपायुक्त पुंछ, अभिषेक शर्मा को जिला उपायुक्त राजोरी, मंजूर अहमद कादरी को जिला उपायुक्त बांदीपोरा, राजेश कुमार शवन को जिला उपायुक्त किश्तवाड़ और राजेश शर्मा को जिला उपायुक्त सांबा बनाया गया है। गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती की ओर से जारी एक आदेश में गुरिंदरपाल सिंह को एसएसपी बारामुला, नागपुरे अमोद अशोक को एसएसपी उधमपुर, मुमताज अहमद को एसएसपी पुंछ बनाया गया है। इसी तरह मोहम्मद असलम को एसएसपी डोडा, अनायत अली चौधरी को एसएसपी शोपियां, आईपीएस दीपिका को एसएसपी कठुआ, कुलबीर सिंह को एसएसपी रामबन, गौरव सिकारवार को एसएसपी रियासी, वसीम कादरी को एसएसपी गांदरबल बनाया गया है।