-सभी डीसी को जनता की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर विजय कुमार बिधूड़ी ने सोमवार को महाशिवरात्रि और रमजान के लिए किए गए प्रबंधों की व्यापक समीक्षा की। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने बाजार में फूल, अखरोट, मछली सहित आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने उपायुक्तों को कश्मीरी पंडित कॉलोनियों और प्रमुख मंदिरों में बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने धार्मिक त्योहार के सुचारू उत्सव के लिए सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं की समीक्षा की। रमजान के लिए उन्होंने सीई केपीडीसीएल को सहरी और इफ्तारी के व्यस्त समय में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नियमित रूप से पानी की आपूर्ति के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए। पीएचई विभाग से कहा कि जहां भी जरूरत महसूस हो, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को बाजार में पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण मांस और मुर्गी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने सभी डीसी को व्यापक बाजार जांच के लिए निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपभोग के लिए गुणवत्ता वाली आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ माहौल और परिवेश सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख मस्जिदों और तीर्थ स्थलों की सफाई अभियान चलाने को भी कहा। बैठक में कमिश्नर एसएमसी, डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी, पीडीडी, आरएंडबी, पीएचई, परिवहन और एफसीएस एंड सीए विभागों के जिला अधिकारियों के अलावा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल हुए।