डीसी ने अधिकारियों को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। डीसी आयुषी सूदन ने शनिवार को जिला प्रशासनिक परिसर में एलपीजी उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी प्रगति व गैस सिलिंडर वितरण की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों को एलजीपी की ईकेवाईसी में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक निदेशक राहुल गुप्ता ने ईकेवाईसी की वर्तमान स्थिति पर प्रस्तुति देते हुए कमियों व शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की।
डीसी ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी, जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा फील्ड स्तर पर प्रयास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। यह भी निर्णय लिया गया कि ईकेवाईसी अभियान को नशा मुक्त भारत अभियान के साथ जोड़ा जाएगा ताकि जन जागरूकता को बढ़ावा मिल सके। बैठक में तहसीलदार, एलएमडी अधिकारी, टीएसओ, एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।