ज्यौड़ियां। तहसीलदार खौड़ की कुर्सी एक सप्ताह से खाली है। बताया जा रहा है कि तहसीलदार मोनिका शर्मा छह माह के मातृत्व अवकाश (मैटरनिटी लीव) पर चली गई हैं। इसके चलते तहसीलदार की कुर्सी खाली है। ऐसी स्थिति में खौड़ के लोगों को दस्तावेज बनवाने में दिक्कतें आ रही हैं।
बुधवार को तहसील के लोगों का एक दल अपनी पार्टी के ब्लॉक खौड़ के प्रधान विजय कुमार शर्मा से मिला। इस दौरान लोगों ने बताया कि हम लोग पांच दिन से जमीन के दस्तावेज पर तहसीलदार के हस्ताक्षर के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तहसीलदार के नहीं मिलने से दिक्कतें आ रही हैं। लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत विजय कुमार शर्मा ने इस विषय में एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर से बात की। एसडीएम ने बताया कि तहसीलदार मोनिका शर्मा मातृत्व अवकाश पर हैं। जल्द ही खौड़ में अस्थायी तहसीलदार बिठाया जाएगा। हमने इस विषय में उपायुक्त से भी बात की है। जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।
विजय कुमार ने एसडीएम से खौड़ में स्थायी तहसीलदार की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर आप यहां कामकाज चलाने के किसी अन्य तहसीलदार को अटैच करते हैं तो उससे समस्या का हल नहीं निकलेगा, बल्कि समस्या बढे़गी।
इस समस्या को बारे में समाजसेवी नवीन रढोत्रा ने बताया कि तहसीलदार के नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के जिन लोगों ने तहसीलदार कार्यालय में प्रमाणपत्रों के लिये आवेदन किया है उनके लिये अधिक परेशानी बन गई है। युवा तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।