जम्मू। बाहु क्षेत्र में स्थित युद्ध समारक बलिदान स्तंभ में घूमने के लिए अब अनुमति की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए सेना ने मंजूरी दे दी है। अब कोई भी सामान्य व्यक्ति किसी भी समय और बेरोकटोक के बलिदान स्तंभ पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेगा। यह जानकारी नगर निगम के पूर्व मेयर और भाजपा नेता बलदेव सिंह बलोरिया ने प्रेसवार्ता में दी।
बताया कि नगर निगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने 26 आरटी ब्रिगेड के ब्रिगेडियर एनआर पांडे के साथ युद्ध समारक बलिदान स्तंभ का दौरा किया गया था। इस दौरान इसे आम जनता के लिए खोलने पर चर्चा हुई थी। अब सेना और जम्मू नगर निगम के बीच बलिदान स्तंभ को लेकर एक एमओयू साइन होने जा रहा है। इसके तहत बलिदान स्तंभ के रखरखाव की जिम्मेदारी जम्मू नगर निगम की होगी। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। बलिदान स्तंभ पर करीब 15 हजार शहीदों के नाम अंकित किए गए हैं। इनमें पैरामिलिट्री फोर्स के साथ-साथ पुलिस और आतंकवाद में शहीद हुए लोगों के नाम भी शामिल हैं।