रियासी। ईद उल फितर के साथ ही शुरू होने जा रहे नवरात्र उत्सव में दोनों समुदाय विशेष के लोगों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। यह निर्देश एडीसी राकेश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बैठक में दिए।
एडीसी ने त्योहारी सीजन में रामनवमी तक लोगों को बिजली व पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी नगर परिषद की रहेगी। कोई शरारती तत्व त्योहार में खलल डाल कर सांप्रदायिक तनाव न पैदा करे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में मौजूद एसएसपी परमवीर सिंह के साथ एडीसी ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। अस्पताल व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाई की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया। लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जाए। बैठक में एसीडी प्रदीप कुमार व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।