रियासी। वन विभाग ने जिले के अलग-अलग ब्लाक में कार्रवाई करते हुए कब्जा की गई 516 कनाल जमीन मुक्त कराते हुए उसकी तारबंदी की। डीएफओ अनिल कुमार अत्री के निर्देश पर ब्लाक जिजबगली चंकाह तलवाड़ा ठाकराकोट पौनी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जिजबगली के 300 कनाल, गुज्जर कोठिया में 150 कनाल तथा लेतर पौनी में 66 कनाल वन विभाग की जमीन पर से कब्जा हटाया गया। इस मौके पर विभाग के कर्मचारियों ने अधिकारियों की देखरेख में मुक्त कराई गई जमीन की तारबंदी करते हुए खंभे लगाए। कार्रवाई के दौरान रेंज आफिसर ठाकराकोट विरेंदर सिंह मन्हास, ब्लाक आफिसर चंकाह रमेश चंद्र, ब्लाक आफिस तलवाड़ा राजेश गुप्ता ब्लाक, आफिसर ठाकराकोट सुरज शर्मा, ब्लाक आफिसर पौनी विपिन शर्मा को अंजाम दिया गया। इसके साथ ही तहसीलदार ठाकराकोट मोहम्मद सद्दीक भी मौजूद रहे। अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में भी वन विभाग की जमीन को चिह्नित करने का काम जारी रहेगा। इस दौरान जिसके पास भी विभाग की जमीन होगी उस को कानूनी तरीके से खाली कराया जाएगा। विभाग के काम में दखल देने वाले पर कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।