श्रीनगर। पीडीपी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नईम अख्तर से सरकारी आवास खाली करवा लिया गया। एस्टेट विभाग के कर्मचारियों ने उन्हे केवल 6 घंटे की मोहलत दी थी।
नईम अख्तर श्रीनगर के वीवीआईपी इलाके गुपकार रोड पर स्थित एम 2 सरकारी आवास में रह रहे थे। 5 अगस्त 2019 को हुई उनकी गिरफ्तारी के बाद 18 जून को उन पर से पीएसए हटाने के बाद रिहा किया गया था। वीरवार को उनके घर पर एस्टेट विभाग के कुछ कर्मचारी पहुंचे और घर खाली करने को कहा।
नईम अख्तर की बेटी शहरेयार ने बताया कि दो-तीन कर्मचारी वीरवार सुबह करीब 11 बजे उनके घर आए और पिता जी से शाम 4 बजे तक घर खाली करने के लिए कहा। पिता ने उनसे एक दिन का समय मांगा लेकिन वह नहीं माने और कहा कि किसी भी हालत में घर खाली चाहिए। शहरेयार ने बताया कि वह पिछले 5-6 साल से यहां रह रहे थे और हाल ही में उन्होंने अपना घर बेच दिया था क्योंकि 2017 में वहां पेट्रोल बम से हमला किया गया था। वह जगह सुरक्षित नहीं थी। शहरेयार ने बताया कि वीरवार शाम चार बजे हमने घर खाली कर दिया और अब हम अपनी बुआ के घर रह रहे हैं।