बिना मंजूरी के बन रहे अस्पताल के ढांचे को नगर निगम ने गिराया
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू में डिली (ग्रेटर कैलाश) के पास बिना मंजूरी के बन रहे अस्पताल के ढांचे को विरोध के बीच नगर निगम की टीम ने गिरा दिया। बहुमंजिला इमारत के लिए किया जा रहा निर्माण गैर मुमकिन खड्ड क्षेत्र में हो रहा था, जिसे निगम ने पहले भी एक बार सील कर दिया था। नगर निगम ने निर्माण गिराने के लिए नोटिस जारी करने के बाद रविवार सुबह कार्रवाई को अंजाम दिया। वर्तमान में निजी अस्पताल के भवन के लिए शटरिंग का काम चल रहा था।
निगम टीम को इस संबंधी शिकायत मिली थी। टीम रविवार सुबह पौने सात बजे पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान विरोध भी हुआ लेकिन टीम ने कार्रवाई जारी रखी जो सुबह आठ बजे तक चली। अभी सामने वाला ढांचा ही गिराया जा सका है। मशीनरी के अभाव में टीम को कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी। अभी पूरा ढांचा गिराने में चार से पांच दिन लगेंगे।
बताया जा रहा है कि यह भवन शोभा रानी के नाम पर बन रहा है। नगर निगम पहले ही नक्शे को नामंजूर कर चुका है। इसके लिए कोई भी अनुमति भवन निर्माण के लिए नहीं दी गई है। भवन मालिक ने अपने स्तर पर ही काम शुरू कर दिया था।
नगर निगम आयुक्त अवनी लवासा ने कहा कि गैर मुमकिन खड्ड क्षेत्र में निर्माण नहीं किया जा सकता। इसका नक्शा नामंजूर कर दिया गया था। रोक के बावजूद निर्माण जारी होने की सूचना पर ढांचे को गिराया गया है। शहर में जहां अवैध निर्माण होगा, उसे पूरी सख्ती के साथ ढहाया जाएगा।