जाम्मू में हाइवे किनारे वन भूमि पर किया अतिक्रमण हटाते विभागीय अधिकारी।
जम्मू। लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए नेशनल हाईवे पर वन भूमि पर कब्जा कर किए गए दो निर्माणों को रविवार को वन विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से गिरा दिया। इस दौरान चार कनाल जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर फेंसिंग करा दी गई है ताकि अवैध कब्जा न हो सके।
वन विभाग को सूचना मिली कि बंदी गांव में वली मोहम्मद ने वन भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा लिया है। इस पर रविवार को टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। अवैध ढांचे को गिराकर लोहे के एंगल, जीआई शीट आदि बरामद कर लिया। डीएफओ आलोक मौर्या ने बताया कि लॉकडाउन के बीच अवैध कब्जा कर लिया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर डीसी सुषमा चौहान व एसएसपी श्रीधर पाटिल से मुलाकात कर कब्जा हटाने के लिए मजिस्ट्रेट व फोर्स उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। रविवार को कब्जा हटाने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आग्रह किया गया है। अभियान में डीएफओ जम्मू आलोक मौर्या, डीएफओ शहरी वानिकी सुनील सिंह, राकेशवर सिंह राना, राकेश वर्मा, अनवर मोहम्मद शामिल थे। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. मोहित गेरा, के रमेश कुमार, सैमुअल चंगकिजा आदि ने टीम की सराहना करते हुए हिदायत दी है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी कीमत पर वन भूमि पर कब्जा न होने पाए।