जम्मू। जीवन नगर और सैनिक कॉलोनी में नगर निगम ने नाले पर अतिक्रमण कर बनाए गए दो आवासीय ढांचों को गिरा दिया है। नालों पर बनीं स्लैब तोड़ीं गई हैं, यहां से मलबा हटाया जा रहा है, ताकि बारिश में नाले का पानी नुकसान न पहुंचा सके। नगर निगम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए जीवन नगर में नाले पर बनी एक घर की दीवार को गिराया और स्लैब को तोड़ा। इस दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई, लेकिन पुलिस की निगरानी में कार्रवाई जारी रखी गई। लोगों का तर्क है कि यहां पर मंदिर भी है, ऐसे में नाले के स्लैब को तोड़ना सही नहीं। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमण के कारण नाले का पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुस जाता है। ऐसे में लोगों के लिए मुसीबत बढ़ जाती है। नाले की सफाई शुरू कर दी गई है। कई नालों से अतिक्रमण हटाया गया है, ताकि बारिश से खतरा कम रहे। सैनिक कॉलोनी में भी नाले किनारे बने एक अवैध आवासीय ढांचे को गिराया गया है। यहां स्लैब होने के कारण नाले का पानी ओवरफ्लो होकर नुकसान पहुंचा रहा है। नगर निगम की आयुक्त अवनी लवासा ने कहा कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।