बाड़ी ब्राह्मणा। बलोल पुल पर पुलिस के नाके के पास सैन्य वाहन ने एक कार में टक्कर मार दी। इस कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार सेना की गाड़ी बाड़ी ब्राह्मणा से जम्मू की ओर जा रही थी। बलोल पुल पर पुलिस नाके के पास पीछे से एक कार आ रही थी। जैसे ही उसने ओवरटेक करना चाहा तो वह उसके साथ टकरा गई, जिसमें गाड़ी को नुकसान हुआ। कार में तीन लोग सवार थे, सभी बिलकुल ठीक हैं। दुर्घटना होने पर सैन्य वाहन नेशनल हाईवे के बीच खड़ा कर दिया गया, जिससे बाड़ी ब्राह्मणा नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। समय रहते थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने सेना के वाहन को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। इसके साथ ही उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। इस मौके पर सेना के सिपाहियों और पुलिस के सिपाहियों के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक और बहस भी हुई, लेकिन उसके बाद दोनों गाड़ी चालकों की सहमति से मामले को रफा-दफा कर दिया गया।