बाड़ी ब्राह्मणा। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत राया मोड़ से बिश्नाह की ओर रिंग रोड पर गांव गोबाल के पास 15 जुलाई को फॉर्च्यूनर और ब्रेजा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर और एक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि 11 लोग घायल हो गए थे, जिनको विजयपुर अस्पताल के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया था। कुल मिलाकर इनमें अब तक 6 की मौत हो चुकी है। जबकि अन्य जीएमसी जम्मू में उपचाराधीन हैं। उनमें से भी 2 से 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में अजय कुमार, गारी राम, तोशी देवी, राजकुमार, रेनू देवी, और 6 साल की बच्ची सनाया शामिल हैं।
दूसरी ओर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, क्योंकि फॉर्च्यूनर गाड़ी के सभी एयरबैग खुल गए थे, वही मरने वालों में से और घायल अवस्था में लोगों ने किसी प्रकार का भी अभी बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस द्वारा पूरी तरीके से तहकीकात की जा रही है कि किन कारणों से हादसा पेश आया है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि कुछ सवारियां सड़क के किनारे खड़ी होकर गाड़ी का इंतजार कर रही थीं और वह भी चपेट में आ गई हैं। यह सारे लोग एक शादी समारोह में गए थे। वहां से लौट रहे थे। कुछ लोग सड़क के किनारे खड़े होकर शादी से आ रही गाड़ी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उससे पहले यह हादसा हो गया। हालांकि मौके पर कोई भी दूर-दूर तक आसपास नहीं था, जिससे पुख्ता हो सके कि किन कारणों से हादसा हुआ, और किस तरह से हुआ। पुलिस की जांच में कुछ और भी बातें निकल कर सामने आ रही हैं। हालांकि फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने पुलिस को क्या बयान दिया है, उसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।