मीरा साहिब में कार की टक्कर में क्षतिग्रस्त कार।
मीरां साहिब। जम्मू-आरएस पुरा सड़क मार्ग पर स्थित बृज नगर के पास शुक्रवार दोपहर एक कार चालक ने तीन कारों व एक स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। इसमें चारों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक बुरी तरह से नशे में धुत्त था। वह कार की गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एक के बाद एक तीन गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद एक स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। चालक कार वहीं छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने पर बताया कि कार चालक नशे में था। इस हादसे में स्कूटी सवार चमन लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। मीरां साहिब पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मालिक का पता लगाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रकार कार की गति थी उससे लगता है कि कार चालक ने बुरी तरह से नशे में धुत्त था। उन्होंने पुलिस से मांग करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।