बिश्नाह। बिश्नाह-सलेड़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र बृजलाल निवासी लसबाड़ा बिश्नाह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार की शाम करीब 5 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार कार बिश्नाह की तरफ जा रही थी। तभी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा भिड़ी। हादसे में कार चालक घायल हो गया। लोगों ने मशक्कत से चालक को कार से बाहर निकाला और उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।