जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम विद्यार्थियों से भरा वाहन पलट जाने से आठ स्कूली बच्चे और शिक्षक घायल हो गए। घायलों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालात स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नगरोटा केंद्रीय विद्यालय के छात्र गुरदासपुर खेल आयोजन में हिस्सा लेने गए थे।
वापसी के दौरान उनका वाहन नंबर जेके02पी-4225 राजबाग क्षेत्र के हमीरपुर के नजदीक पहुंचते ही पलट गया। बीच हाईवे पर पलटे वाहन से उसमें सवार विद्यार्थियों में चीख पुकार मच गई। पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया।
अस्पताल में मानसी, इशिका, प्रिया, समीना, अनु रानी, अक्षिता शर्मा, शिक्षक विदूषी और निर्मल कौर को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों ने बताया कि वह गुरदासपुर में खेल आयोजन में हिस्सा लेने गए थे। वापसी के दौरान उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शाम करीब सवा पांच बजे हुए हादसे के सभी घायलों की हालात खतरे से बाहर बताई जाती है। चालक के अनुसार वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई जिससे वाहन उसके नियंत्रण से बाहर हो गया। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।