दोमाना। जम्मू-अखनूर रोड पर पुरखु क्षेत्र में बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे आगे जा रही बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से कानाचक पुलिस ने जीएमसी जम्मू पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मरने वाले की पहचान पूर्ण सिंह (51) निवासी डोरी डग्गर (अखनूर) के रूप में हुई है। बस (जेके 02एके 1349) और ट्रक (पीबी 07 एएस 6197) अखनूर से जम्मू की ओर आ रहे थे। बस आगे जा रही थी तभी तेज रफ्तार से पीछे से ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे बस के दरबाजे पर खड़ा कंडक्टर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।