बाड़ी ब्राह्मणा। दो अलग-अलग हादसों में फैक्टरी में काम के दौरान दो वर्कर झुलस गए। इनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पहला हादसा 23 दिसंबर का बताया जा रहा है। बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में स्थित आरके हाइड्रोकार्बन फैक्टरी में दीपक पुत्र राजू निवासी बिहार काम कर रहा था। इसी दौरान वह आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका इलाज चल रहा था। जख्मों की ताव न सहते हुए रविवार को उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा रविवार को इलाके में ही स्थित लोहे की कुर्सियां बनाने वाली एक अन्य फैक्टरी में हुआ। जहां अमरकांत निवासी बिहार भी काम के दौरान आग लगने से झुलस गया। उसे इलाज के लिए जीएमसी में भर्ती करवाया गया है।