दोमाना। मढ़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मढ़ से जम्मू आने वाली सड़क पर बने पुल की मरम्मत का काम तीन महीने पहले करवाया गया था। तब वाहनों को निकालने के लिए पाइप डालकर अलग रास्ता तैयार किया गया था। पाइपों के बंद हो जाने से शुक्रवार को नाले का पानी सड़क के ऊपर आ गया। इससे वाहन चालाकों को परेशानी हुई। एक ट्रक वहां से गुजरते वक्त नाले में जा गिरा। चालक ने ट्रक से कूदकर जान बचाई। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को निकाला गया। स्थानीय निवासी तरसेम लाल शिंदे ने कहा कि उन्होंने इससे पहले भी लोक निर्माण विभाग से पुल को खोलने की मांग की थी, लेकिन आज सुनवाई नहीं हुई। हादसे के बाद लोनिवि के अधिकारी वहां पहुंचे और पुल का आधा हिस्सा खोल दिया। लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है, तो इसे खोला क्यों नही जा रहा। गोर हो कि तीन दिन पहले अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।