जम्मू। शहर के गुज्जर नगर में एक अनियंत्रित एक्सयूवी ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी और एक स्कूटी भी चपेट में आ गई। हादसे में तीनों वाहनों के अलावा कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब छह बजे अनियंत्रित एक्सयूवी (एचआर2सीजी 4420) ने ऑटो रिक्शा (जेके02एूयू 1076) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ईंट के ढेर से टकरा गई। इस वजह से गिरी ईंटों की चपेट में आने से स्कूटी (जेके20 बी 8208) भी क्षतिग्रस्त हो गई। स्कूटी चालक अब्दुल शकूर भटट् का कहना है कि एक माह पहले ही वाहन लिया था और नंबर भी दस दिन पहले लगा है। सोमवार रात को स्कूटी पार्क कर घर गया था। किसी ने सुबह फोन कर घटना की जानकारी दी। उसे बताया गया है कि एक्सयूवी की ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है, लेकिन पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए। पीर मिटठा पुलिस के एसएचओ अब्दुल राशिद का कहना है कि ब्रेक फेल होने से ऐसा हुआ है। दोनों पक्ष कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे। इसलिए मामला रफादफा कर दिया गया।