जम्मू। नरवाल के रेडिसन ब्लू होटल के सामने अनियंत्रित कार डिवाइडर पर जा चढ़ी। इसमें पुलिस विभाग के एएसआई की मौत हो गई। हादसा एएसआई की तबीयत बिगड़ने से हुआ, इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जा चढ़ी। एएसआई को अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान जमान दीन निवासी माहौर (रियासी) के तौर पर हुई है। वह इस समय जम्मू के छन्नी स्थित आर्म्ड पुलिस की 7 बटालियन में तैनात था।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर में हुआ। एएसआई किसी काम से कार में जा रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद आसपास जुटे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एएसआई को जीएमसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।