जम्मू। नरवाल में ब्रेक फेल होने से बेकाबू ट्राले ने आठ वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान दो राहगीर भी इसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जीएमसी में भर्ती करवाया गया है। जानकारी अनुसार ट्राले के ब्रेक फेल होने के कारण नरवाल फ्रूट मंडी के पास पहले टैंकर को टक्कर मारी, इसके बाद सेंट्रो कार से जा भिड़ा। बावजूद इसके ट्राले की रफ्तार कम नहीं हुई। आगे चल रहे टैंकर को टक्कर मार ट्राला होंडा, टाटा और आई-10 कार को क्षतिग्रस्त कर पूरी रफ्तार से सड़क पर दौड़ता रहा। इस दौरान दो ऑल्टो कारों को चपेट में लेकर उनको भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी। ऑल्टो कार में बैठे दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वाहनों से टकराने के बाद ट्राला काफी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे चालक को भी चोटें आई हैं। इसके अलावा वाहनों में बैठे लोगों को भी मामूली चोटें आई। हादसे के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। ट्राले को हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।