जम्मू। शहर के बेलीचराना इलाके में वीरवार की रात बरात से लौट रही मिनी बस सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक महिला बराती की मौत हो गई। 13 अन्य बराती घायल हो गए। घायलों को जीएमसी पहुंचाया गया। इनमें फिलहाल सबकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वीरपुर से फलां मंडाल के मंगू चक में बरात गई थी। वहां से बरात वापस आ रही थी। जब बरातियों से भरी मिनी बस बेलीचराना के पास पहुंची तो बस का चालक नियंत्रण खो बैठा। बीच सड़क पर मिनी बस पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई। हर कोई मदद के लिए चिल्लाने लगा। पास से गुजरने वाले कुछ वाहन चालक रुक गए और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इतने में पीछे से उक्त बरात में शामिल बरातियों की एक अन्य बस भी आ रही थी। बस के अन्य बराती रुक गए और उन्होंने सबको अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर बबली देवी नाम की महिला को डॉक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। जबकि घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायलों में बेबी रानी, दर्शन लाल, वीना देवी, गीता देवी, विजय कुमार, शकुंतला देवी, खुशबू, गुड़िया, जोगिंदर, संतोश, रवि कुमार, कृष्णा और जानू शामिल हैं। वहीं मिनी बस का चालक फरार हो गया। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया गया है। घायलों में सभी लोग वीरपुर के रहने वाले हैं।
------
ट्रेन से घायल की मौत
जम्मू। कुछ दिन पहले ट्रेन से कुचल कर घायल होने वाले व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। मालवा एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुंजवानी के पास एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसे जीएमसी में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। ब्यूरो