हाईवे पर एक ही लेन में दोनों तरफ से वाहन चलने पर हुआ हादसा
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, दोनों सवार बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर/बाड़ी ब्राह्मणा। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजामर्ग पर सांबा के सरोर में एक सुपरफास्ट बस ने मोटरसाइकिल और कार को चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जम्मू से कठुआ की तरफ जा रही सुपरफास्ट बस (जेके08सी-9799) ने सरोर इलाके में कठुआ से जम्मू जा रही एक कार (जेके02बीयू-4447) को जोरदार टक्कर मार दी। इसी बीच सांबा से जम्मू की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल (जेके21एफ-8201) को भी बस ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार युवक की मौत हो गई। मौके से मिले कागजात के मुताबिक युवक की पहचान विमल कुमार पुत्र बोध राज निवासी अपर बरन जम्मू के रूप में की गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सड़क पर काम होने के चलते एक ही लेन पर दोनों तरफ के वाहन चल रहे थे।
ऐसे में सुपरफास्ट बस ने सामने से आ रही एक बाइक और एक कार को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि, कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। उसमें भी दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान विजय कुमार (69) पुत्र फकीर चंद और उनकी बेटी हमनी खजूरिया (35) निवासी रूपनगर के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने युवक को विजयपुर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पास मिले कागजात से उसकी पहचान की गई और परिजनों को जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि युवक बाड़ी ब्राह्मणा में काम करता था, और किसी काम के लिए सांबा आया था। पुलिस ने बस को जब्त कर मामला दर्ज किया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।