मिश्रीवाला। रणबीर नहर में मंगलवार देर रात ट्रक क्लीनर बह गया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम तलाश के लिए उतरी, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। क्लीनर की पहचान फैसल अहमद मागरे (20) निवासी मगाम हंदवाड़ा कश्मीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फैसल ट्रक (जेके 05डी 8319) के साथ क्लीनर था। मंगलवार दोमाना में ट्रक खाली कर ट्रक चालक मुनीर अहमद मीर और फैसल ने नहर किनारे ट्रक को लगाया और नहाने चले गए। नहाते समय फैसल गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। फैसल को पानी में बहता देखकर चालक मुनीर ने शोर मचाया। आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन रात होने पर तलाश ठीक से नहीं हो सकी। बुधवार सुबह एसडीआरफ की टीम तलाश में जुटी लेकिन सुबह नहर में पानी ज्यादा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। फैसल के पिता ने बताया कि वह कश्मीर में अपनी टैक्सी चलते हैं और उन्हें रात को सूचना मिली तो वह रात को ही जम्मू के लिए निकल आए थे। संवाद