रामबन में हुए सड़क हादसे के दौरान ट्रकों के बीच फंसी कार।
रामबन। जिला में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा रविवार सुबह मेहाड क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से सह चालक की मौत हो गई। उसका शव जिला अस्पताल लाया गया।
जहां पोस्टमार्टम एवं कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इस हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान चरणजीत सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी धर्मकोट गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। शाम को दूसरा सड़क हादसा सामने आया।
इसमें दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इस हादसा बटोत के नजदीक शाम्पा में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों के बीच महिंद्रा गाड़ी के चपेट में आने से हुआ। जो पूरी तरह से ट्रक नीचे फंस गई। घटना के बाद दोनों ट्रकों के चालक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पर पुलिस एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव कार्य कार्य शुरू किया गया।
ट्रक के बीच फंसी गाड़ी को निकालने के लिए क्रेन लगानी पड़ी। इसके बाद मुश्किल से गाड़ी में फंसे शवों को निकाला गया। मारे गए व्यक्ति की पहचान उस्मान फारूक (23) पुत्र फारूक निवासी बटोत और बशारत अहमद पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी गुरमुल डोडा के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिता शर्मा ने अमर उजाला को बताया केस दर्ज कर लिया गया है। एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।