जम्मू। जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात सिंबलवाला में सड़क हादसा हुआ। इसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवाओं में एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मांगा राम पुत्र चुनी लाल निवासी तरकेओना मावा ब्राह्मणा अखनूर के रूप में हुई है। घायल की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सड़क हादसा मंगलवार देर रात हुआ। बाइक सवार युवक जम्मू की तरफ जा रहे थे। इस दौरान एक ट्रक (जेके02सीएस 4309) के चालक ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ज्यादा खून बहने से मांगा राम की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालात में जीएसमी पहुंचाया गया। बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कानाचक पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक ट्रक चालक वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव और घायल युवक को जीएमसी भेजा। कानाचक पुलिस थाना प्रभारी ने कहा कि चालक ट्रक को घटना स्थल पर छोड़कर भाग गया है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। ब्यूरो