डोडा। सब डिवीजन गंदोह के अंतर्गत गंदोह ग्वाड़ी से नीली की ओर जा रहा टाटा मोबाइल वाहन तीन सौ फीट गहरी खाई में गिर गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह सभी जियो कंपनी के कर्मी हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को गंदोह ग्वाड़ी से नीली की ओर जा रहा वाहन तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो कर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें खाई से बाहर निकाल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंगा पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद उन्हें जीएमसी डोडा रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान करीम बख्श (58) पुत्र माया निवासी टिपरी पाठशाला के रूप में हुई है। घायलों में मोहम्मद मूसा (23) पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी टिपरी पाठशाला, बशीर अहमद पुत्र गनी निवासी लारेन और मोहम्मद अशरफ (21) पुत्र करीम बक्श निवासी टिपरी पाठशाला के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।