जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर छन्न अरोड़ियां के पास हुए सड़क हादसे में सेना के एक कैप्टन की मौत हो गई, जबकि तीन सैन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी जवानों को जिला अस्पताल कठुआ लाया गया, जहां से गंभीर रूप से जख्मी तीनों जवानों को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। मृत कैप्टन सुमित (47) 47 आर्म्ड रेजीमेंट में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार वीरवार की देर रात कैप्टन और तीनों जवान छन्न अरोड़िया की जीप अनियंत्रित होने के कारण आगे खड़े वाहन से टकरा गई।
उसी समय पीछे से आ रहे सेना के ट्रक ने भी जीप को टक्कर मार दी। दो बार हुई इस टक्कर में जीप में सवार कैप्टन सुमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जीप में सवार तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सिपाही शीशराम (29), सिपाही पवन कुमार (31) और लांस नायक रोहितेश कुमार (32) के नाम शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल कठुआ में उपचार के लिए लाया गया, जहां दो घंटे के उपचार के बाद डाक्टरों ने हालत में सुधार न होने पर उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
वीरवार देर रात छन्न अरोड़िया के पास गैस टैंकर में आग लग गई थी। इसके बाद दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी।
अव्यवस्था के चलते जाम को नियंत्रित नहीं किया जा सका। नतीजतन जैसे ही जाम खुला, मार्ग पर अव्यवस्था का आलम पैदा गया। इस अव्यवस्था के चलते भी जाम हादसे का कारण बन गया।