जब्त रिकार्ड को जम्मू कार्यालय लाया गया, हो रही स्क्रूटनी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बेनामी संपत्ति मामले में डीएसपी चंचल सिंह का रिकार्ड जम्मू कार्यालय लाया गया है जहां अब इस रिकार्ड की स्क्रूटनी की जा रही है। हिमाचल प्रदेश में होटल, जमीन और जम्मू व कठुआ में बड़े स्तर पर दुकानें, प्लाट और अन्य संपत्तियों का रिकार्ड एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के पास है। इससे संबंधित सेल डीड, बैंक खातों, रजिस्ट्री समेत कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। एसीबी इस मामले में जांच रिपोर्ट जल्द तैयार करेगी ताकि वो पुलिस महकमे को सौंपी जाए और डीएसपी पर आगे की कार्रवाई हो सके। सूत्रों की मानें तो डीएसपी के खिलाफ विभागीय जांच भी जा रही है लेकिन अभी तक निलंबन या अन्य कार्रवाई का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन तमाम थाना क्षेत्रों में जांच पड़ताल शुरू की है जहां-जहां पर चंचल सिंह बतौर थानेदार रहे हैं। चंचल सिंह काफी थानों में तैनात रहे हैं जिनमें जम्मू का गांधी नगर, दोमाना थाना मुख्य रूप से शामिल है। वह जिस जिले में भी रहे, वहां पर अच्छे पद पर ही रहे हैं। बता दें कि बुधवार को एसीबी की टीमों ने कठुआ में दो जगहों, हिमाचल प्रदेश के मनाली और कुल्लु, जम्मू के रूप नगर में दबिश दी थी। इस दौरान यह पाया गया कि चंचल सिंह ने अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर बड़े स्तर पर संपत्ति बना रखी है। इस समय चंचल सिंह कुलगाम में तैनात हैं।