जम्मू में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जबकि उसके वरिष्ठ अधिकारी को मामले में नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट और बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी अधिकारियों में सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) रविंदर कुंडू और वरिष्ठ सहायक गुर्दास शामिल हैं।
एसीबी के प्रवक्ता ने बताया कि गुर्दास को गिरफ्तार किया गया जब वह एईई रविंदर कुंडू की ओर से रिश्वत ले रहा था। आरोपी अधिकारी वर्तमान में श्रम विभाग के फैक्ट्री और बॉयलर निरीक्षक कार्यालय में तैनात है।
शिकायतकर्ता से फैक्ट्री निरीक्षण से जुड़े मामले को निपटाने के बदले पहले 60,000 रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में 40,000 रुपये पर तय किया गया। एसीबी ने बताया कि आरोपियों के आवासीय परिसरों पर छापे मारा जा रहा है और मामले की आगे जांच जारी है।