जम्मू। अब्दुल समद के बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल जम्मू-कश्मीर टीम को एक बार फिर महंगा पड़ा। हरियाणा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम को 13 रन से हार मिली। इस हार के साथ टीम का सफर प्रतियोगिता में और मुश्किल हो गया है। ग्रुप ई में टीम दो अंक के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
हरियाणा के 308 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अब्दुल समद को 8वें स्थान पर बल्लेबाजी करने भेजा गया। अब्दुल समद मात्र पांच रन ही बना सके। पिछले मुकाबले में चौथे नंबर पर खेलते हुए सर्विसेज के खिलाफ 38 गेंदों में 68 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। विजय हजारे ट्रॉफी में तीसरा मुकाबला खेलते हुए जम्मू-कश्मीर को यह दूसरी हार मिली। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने 308 रन बनाए। टीम के लिए शिवम चौहान ने 123 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में जम्मू-कश्मीर लिए मुजतबा युसूफ और आकिब नबी ने दो-दो जबकि परवेज रसूल ने एक विकेट लिया। 308 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएंडके टीम की शुरूआत काफी खराब रही और 9 ओवर तक 48 रन पर चार बल्लेबाज आउट हो चुके थे। इसके बाद कप्तान परवेज रसूल (86) और बंदीप सिंह (51) के बीच 115 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद 40 रन के अंदर टीम के तीन महत्वपूर्ण खिलाड़ी आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद पुछल्ले बल्लेबाज आब्दि मुश्ताक (46) और मुजतबा युसूफ (32) और उमर नजीर मीर (21) की पारियां भी टीम को जीत नहीं दिला पाईं और उसे 13 रनों से हार मिली।