-इसके साथ फोटो पीएच 1 में दी गई है, यहां लोड नहीं हो रही है।
मार्च में भी अयोध्या के लिए जम्मू कश्मीर से रवाना होंगे रामभक्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं राम दर्शन अयोध्या के संयोजक युद्धवीर सेठी ने कहा कि पार्टी जम्मू-कश्मीर से अयोध्या तक राम भक्तों की तीर्थयात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। उत्तर रेलवे इस पवित्र यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष आस्था ट्रेन चला रहा है जो कटड़ा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशनों से संचालित की जाएंगी।
पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर जम्मू में वीरवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए सेठी ने बताया कि विशेष आस्था ट्रेनें 13, 16, 20 और 27 फरवरी के अलावा 1 और 5 मार्च 2024 को चलेंगी, जो भक्तों को पवित्र शहर अयोध्या की यात्रा के लिए सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी। ये ट्रेनें कटड़ा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशनों से प्रस्थान करेंगी, जिससे जम्मू और कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों के भक्तों के लिए पहुंच सुनिश्चित होगी।
जम्मू-कश्मीर के सदस्य संसद अयोध्या में भक्तों का स्वागत करेंगे। पार्टी के जिला कार्यालय राम भक्तों को ट्रेन टिकट बुकिंग, आवास की व्यवस्था करने, स्थानीय सुविधाएं प्रदान करने और अयोध्या में राम मंदिर में उनके दर्शन की सुविधा प्रदान करके हर संभव सहायता प्रदान करेंगे। इस यात्रा में भक्तों का जबरदस्त रुझान मिला है। यह पवित्र यात्रा न केवल आध्यात्मिक बंधन को गहरा करेगी बल्कि देश भर के भक्तों के बीच राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करेगी। अयोध्या तीर्थयात्रा के संबंध में अधिक जानकारी और सहायता के लिए राम भक्त जम्मू-कश्मीर में पार्टी के संबंधित जिला कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान संजीता डोगरा अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा, जम्मू-कश्मीर और रीमा पाधा सह-संयोजक राम दर्शन अयोध्या मौजूद रहे।