-बारिश से हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा हो चुका क्षतिग्रस्त
-15 दिन में काम पूरा करेगा एनएचएआई, 24 घंटे काम में जुटेंगे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे के थर्ड में क्षतिग्रस्त हिस्से को तीन लेन बनाएगा। पहाड़ को तोड़ने के लिए बड़ा विस्फोट किया जा सकता है। मार्ग बहाल करने के लिए चौबीस घंटे अभियान जारी रखा जाएगा।
दरअसल, उधमपुर और रामबन के बीच थर्ड में फोरलेन हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा पहाड़ी में समा चुका है। फिलहाल एनएचएआई ने वैकल्पिक तौर पर डबल लेन सड़क तैयार की है। इसे आगामी दिनों में चौड़ा किया जाएगा। मार्ग को तीन लेन बनाने के लिए 15 दिन का समय मांगा गया है। एनएचएआई के अनुसार तीन से चार दिन धूप खिलने के बाद हाईवे पर काम रफ्तार पकड़ लेगा। विस्फोट किए जाने के दौरान दिन में एक समय यातायात को रोकना भी पड़ सकता है।
एनएचएआई हाईवे को चौड़ा करने के लिए विशेषज्ञों की राय भी ले रहा है ताकि भविष्य में बड़े नुकसान का सामना न करना पड़े। हाईवे के ठप होने से करीब पांच हजार सेब, दूसरे खाद्य पदार्थाें समेत तेल और गैस से लदे ट्रक बीच रास्ते में फंस गए थे। एनएचएआई ने बीते 72 घंटों में सेब के सभी फंसे ट्रक निकाल लिए हैं। इससे पहले हाईवे को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के बीच भी वार्ता हुई थी।
फलों से लदे ट्रक निकाल दिए
थर्ड में फिलहाल हाईवे को तीन लेन बनाया जाएगा। इसके लिए काम चौबीस घंटे चलेगा। बीते 72 घंटों में जाम में फंसे फलों से लदे सभी ट्रक निकाल दिए गए हैं। भारी वाहनों को निकालने का क्रम जारी है। 48 घंटे में दोनों तरफ के ट्रक निकाल दिए जाएंगे।
-आरएस यादव, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई