सेना के सुंजवां सैन्य कैंप में गोलियां चलने से सोमवार को एक जवान की मौत हो गई। वारदात को लेकर दिनभर उथल-पुथल मची रही। आतंकी हमले की आशंका जताई गई। पुलिस के आला अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, करीब 8 घंटे बाद सेना ने साफ किया कि आतंकी हमला नहीं था।
जवान की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे सैन्य कैंप में तीन से चार गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। पता चला कि संतरी के तौर पर तैनात पंजाब के तरनतारन के रहने वाले कुलदीप सिंह खून से लथपथ होकर गिर गए। उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल सतवारी पहुंचाया गया। सेना और पुलिस ने बयान जारी करके कहा कि क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सूचना पाकर पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) भी मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने सुंजवां के नजदीक गुज्जर कॉलोनी का हर घर खंगाला।