करीब एक महीना गुजरने के बाद भी टिकरी में 29 लाख की राशि से भरी एटीएम मशीन को उड़ाने वाले चोर पुलिस की पहुंच से दूर हैं। पुलिस अभी तक कुछ भी पता नहीं लगा सकी है, जबकि शुरूआती जांच में जल्द चोरों को पकड़ने के दावे किए जा रहे थे। अब भी पुलिस का कहना है कि जल्द एटीएम मशीन चुराने वाले राशि के साथ हिरासत में होंगे।
गौरतलब है कि पांच अक्तूबर की देर रात को जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर टिकरी इलाके में चोर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम मशीन ही ले उड़े थे।
छह अक्तूबर की सुबह एक व्यक्ति राशि निकालने के लिए एटीएम पहुंचा, तो उसने देखा कि वहां एटीएम मशीन ही नहीं है। पुलिस को इसकी सूचना मिली, तो सबकी नींद उड़ गई। मामले की जांच के लिए एसएसपी उधमपुर रईस मोहम्मद भट, डीएसपी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने सीसीटीवी का रिकार्ड देखने की कोशिश की तो पता चला कि चोरों ने एटीएम के अंदर जाने से पहले सीसीटीवी की केबल ही काट दी थी और सीसीटीवी मशीन की हार्ड डिस्क भी निकाल कर ले गए थे।
एसएसपी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी हेडर्क्वाटर कामेश्वर पुरी को दी थी, जिसके बाद कई स्थानों पर छापेमारी की गई। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरू में पुलिस का कहना था कि एटीएम मशीन को चोरी करने वाला जम्मू का गैंग है और जल्द पूरा गैंग पुलिस की गिरफ्त में होगा, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरी के कुछ दिन के बाद उधमपुर-कटड़ा मार्ग पर कटड़ा के ही नजदीक एटीएम मशीन का ढांचा पाया गया था, लेकिन पुलिस को इससे भी कुछ कामयाबी हासिल नहीं हो पाई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर कामेश्वर पुरी ने बताया कि पुलिस की तरफ से चोरों को पकड़ने की कोशिश जारी है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है, लेकिन अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। जब तक मामला नहीं सुलझता है, तब तक कोशिश जारी रहेगी।